ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
लोनी (गाजियाबाद),बुधवार 9 सितंबर 2026: गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के बंथला चौकी पर तैनात यूपी पुलिस के 2025 बैच के रिक्रूट सिपाही सूरज (24) की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो में टक्कर मार दी थी। जांघ की हड्डी टूटने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कौशांबी स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे सिपाही सूरज लोनी थाने से बंथला चौकी की ओर ऑटो में आगे बैठकर जा रहे थे। बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर बाला जी नेत्रालय के पास पहुंचते ही सामने से आई तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से सिपाही के दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूट गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सिपाही को तुरंत कौशांबी के मैक्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक सिपाही सूरज मूल रूप से आगरा जिले के ग्राम गढ़ी ठाकुरदास के रहने वाले थे। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद लोनी थाने में यह उनकी पहली तैनाती थी।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसीपी ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा। परिवार को सूचना दे दी गई है।
पुलिस जांच जारी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
