ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
11 अक्टूबर 2026 नई दिल्ली: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उड़ान के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में खराबी के कारण आग लग गई। इस घटना के बाद विमान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-6115 रविवार को दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में रखे एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पावर बैंक) से धुआं निकलने लगा और आग की लपटें फैलने लगीं। यात्रियों में हड़कंप मच गया। एक यात्री ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें कुछ यात्री अपने बैग से आग बुझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
केबिन क्रू ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पायलट्स ने विमान का रास्ता बदलकर हैदराबाद की ओर मोड़ दिया। विमान राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया।
इंडिगो के आधिकारिक बयान में कहा गया, “11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6ई-6115 में एक यात्री के व्यक्तिगत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने की सूचना मिली। केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई कर स्थिति नियंत्रण में ले ली। स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार पायलट्स ने फ्लाइट को हैदराबाद डायवर्ट किया और सुरक्षित लैंडिंग कराई।”
एयरलाइन ने यात्रियों को चेन्नई पहुँचाने के लिए वैकल्पिक विमान का इंतजाम किया है। यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और समय-समय पर अपडेट भी दिए जा रहे हैं। कंपनी ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस घटना के बाद अधिकारियों ने जाँच शुरू कर दी है। पावर बैंक जैसी लिथियम-आयन बैटरियों से जुड़ी सुरक्षा चिंताएँ एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि यात्रियों को ऐसे उपकरणों को सावधानी से ले जाना चाहिए और एयरलाइन नियमों का पालन करना चाहिए।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
