प्रदीप विधूड़ी नई दिल्ली|DTM
16 सितंबर 2026 नई दिल्ली: मदनपुर खादर इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की पानी की आपूर्ति को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। स्थानीय निवासी रणवीर का आरोप है कि पिछले करीब नौ महीने से उनके घर में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। पानी की स्थिति इतनी खराब है कि उसका इस्तेमाल पीना तो दूर, हाथ धोने के लिए भी नहीं किया जा सकता।
पीड़ित के मुताबिक, समस्या के समाधान के लिए वह पिछले नौ महीनों से लगातार दिल्ली जल बोर्ड के कार्यालय के चक्कर काट रहा है। इस दौरान कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि उन्होंने जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों और जेई को मौके की स्थिति से अवगत कराया तथा गंदे पानी के नमूने बोतल में भरकर भी कार्यालय पहुंचाए।
स्थानीय निवासी का दावा है कि जेई ने स्वयं पानी को देखकर उसमें बदबू और गंदगी होने की बात स्वीकार की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, अधिकारी ने पानी को दूषित बताते हुए इसमें सीवर या लैट्रिन के पानी के मिश्रण की आशंका भी जताई, इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि जल बोर्ड के अधिकारी स्वयं पानी की गुणवत्ता को खराब मान रहे हैं, तो फिर आम लोगों को उसी पानी का इस्तेमाल करने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है। लगातार दूषित पानी की आपूर्ति से क्षेत्र के लोगों में बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल बोर्ड तत्काल पानी की पाइपलाइन और सप्लाई व्यवस्था की जांच कराए, पानी के नमूने की प्रयोगशाला जांच कराई जाए और यदि सीवर लाइन से पानी के दूषित होने की समस्या है तो उसे तत्काल ठीक किया जाए।
अब सवाल यह है कि नौ महीने और कई बार शिकायतों के बाद भी यदि समस्या जस की तस बनी हुई है, तो जिम्मेदार विभाग कब जागेगा? स्थानीय निवासियों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
