ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
जनेश्वर मिश्र पार्क के पास विवाद के बाद कार चढ़ाने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
16 सितंबर 2026 लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवती को कार से टक्कर मारकर भागने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, अनामिका नाम की युवती सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने पहुंची थी। इसी दौरान उसका परिचित शाहनवाज एक अन्य महिला मित्र के साथ कार से वहां पहुंचा। शाहनवाज को दूसरी युवती के साथ देखकर अनामिका नाराज हो गई और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद के बाद शाहनवाज अपनी महिला मित्र के साथ कार में बैठकर वहां से जाने लगा। इसी दौरान अनामिका कार के सामने खड़ी हो गई और वाहन रोकने की कोशिश की। आरोप है कि युवक ने कार रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया। इससे युवती कार के बोनट पर भी जा गिरी और वाहन कुछ दूरी तक आगे बढ़ता रहा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कार भी कब्जे में ले ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
