15 जुलाई 2026 बुलंदशहर। थाना सिकन्द्राबाद क्षेत्र के गांव निजामपुर में उधार के पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट, लाठी-डंडों और फायरिंग की घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में छह नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी उत्तम शर्मा ने निमित नामक युवक से कुछ रुपये उधार लिए थे। जब निमित ने अपने पैसे वापस मांगे तो दोनों के बीच फोन पर कहासुनी और गाली-गलौच शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के दोस्त भी इसमें शामिल हो गए और मामला और अधिक उग्र हो गया।
इसके बाद दोनों पक्षों के परिजन भी विवाद में शामिल हो गए। निजामपुर गेट पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। फायरिंग में अजबसिंह को गोली लग गई, जबकि सोनू के ऊपर कथित रूप से कार चढ़ा दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान अजबसिंह और सोनू की मौत हो गई। तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल, कार तथा घटनास्थल से खोखे और कारतूस बरामद कर लिए हैं। मामले में नामजद छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
