15 जुलाई 2026 ग्रेटर नोएडा|उच्च प्राथमिक विद्यालय बिरोंडी चक्रसैनपुर में बुधवार को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान गांव के अभिभावकों, मातृशक्ति एवं युवाओं की उपस्थिति में छात्राओं को शिक्षा, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता का महत्व बताया गया। उपस्थित अतिथियों ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपने सपनों को साकार करने तथा साहस और आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गांव के सम्मानित समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के सदस्य मनोज प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में प्रत्येक बेटी का आत्मरक्षा के प्रति प्रशिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सशक्त बेटियां ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण का संचालन श्रीमती गीता भाटी ने किया। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का अभ्यास कराया तथा बताया कि कठिन परिस्थितियों में संयम, साहस और सही निर्णय क्षमता ही सबसे बड़ी सुरक्षा होती है।
विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में शामिल सभी अभिभावकों, ग्रामवासियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
