सीईसी ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर कांग्रेस का आक्रोश, गेट पर लिखा ‘वोट चोर, गद्दार’

उत्तर प्रदेश राजनीति

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM

28 सितंबर 2026 आगरा UP: आगरा के विजय नगर कॉलोनी स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर सोमवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव अनिल यादव और मथुरा जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में करीब 11 बजे पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आवास के मुख्य प्रवेश द्वार और दीवारों पर कालिख पोत दी तथा काले पेंट व स्प्रे से “वोट चोर” और “ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं” लिख दिया।
प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर तक नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त के तत्काल इस्तीफे की मांग की। मौके पर उस समय पुलिस बल मौजूद नहीं था। कार्यकर्ता नारेबाजी कर वहां से चले गए। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गेट व दीवारों पर पोती गई कालिख तथा लिखे गए नारे साफ कराने लगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
आवास पर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। यह विरोध उन आरोपों के बाद तेज हुआ है जिनमें विपक्ष चुनाव आयोग पर “वोट चोरी” और सत्ताधारी दल के पक्ष में काम करने का आरोप लगा रहा है। इससे पहले लखनऊ स्थित निर्वाचन कार्यालय और देश के अन्य स्थानों पर भी कांग्रेस ने इसी मुद्दे पर प्रदर्शन किए थे।
ज्ञानेश कुमार मूल रूप से आगरा के ही निवासी हैं और उनका पैतृक घर विजय नगर में है। परिवार के सदस्य उस समय घर पर नहीं थे। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दावा किया है, लेकिन विपक्ष का कहना है कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। घटना की आगे की जांच जारी है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *