संजीव भाटी ग्रेटर नोएडा|DTM
22 सितंबर 2026 ग्रेटर नोएडा: अजायबपुर (समाउद्दीनपुर) फ्लाईओवर के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां ट्रक और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में मृतक की पहचान करण (17), निवासी रिठौरी के रूप में बताई जा रही है। वहीं, हादसे में घायल दो लोगों में से एक समाउद्दीनपुर गांव और दूसरा रिठौरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित होने की सूचना है।
पुलिस हादसे में शामिल वाहन और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आधिकारिक रूप से मृतक और घायलों की पहचान तथा हादसे की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
