ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|Dilli Times Media
ग्रेटर नोएडा | 24 अगस्त 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित महागुन मिडोज सोसाइटी के टावर-बी में शनिवार शाम एक फ्लैट से करीब दो लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। चोर ने महिला का वेश धारण कर सलवार-सूट पहना और लाल दुपट्टे से चेहरा ढककर वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
घटना शनिवार शाम करीब 7:40 बजे घटी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति किचन के रास्ते फ्लैट में घुसा। उसने अलमारी वाले कमरे को अंदर से बंद कर लिया, लॉकर तोड़ा और नकदी लेकर 7:53 बजे बाहर निकल गया। यानी महज 13 मिनट में पूरी चोरी पूरी कर दी गई। किचन में एक शीशा भी टूटा मिला।
फ्लैट के मालिक अभिषेक शर्मा अपनी पत्नी सेजल गोयल के साथ उक्त फ्लैट में रहते हैं। शनिवार शाम दोनों अपनी बहन के घर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी घरेलू सहायिका ने पत्नी के मोबाइल पर फोन कर घर पर होने की जानकारी ली थी। रात करीब 12 बजे जब दंपती फ्लैट लौटे तो उन्हें लॉकर टूटा और उसमें रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी गायब मिली।
अभिषेक शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में घरेलू सहायिका और इलेक्ट्रीशियन पर शक जताया है। दोनों पिछले लगभग दो साल से उनके यहां काम कर रहे थे।
नॉलेज पार्क कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
