यथार्थ हॉस्पिटल की कथित लापरवाही से पैर गंवाने वाले ओमवीर नागर को न्याय दिलाने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन

उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य

20 जुलाई 2026 ग्रेटर नोएडा। दनकौर क्षेत्र के नवादा गांव निवासी ओमवीर नागर को न्याय दिलाने की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत को सौंपा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, ओमवीर नागर सड़क दुर्घटना में पैर फ्रैक्चर होने के बाद उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती हुए थे। संगठन का आरोप है कि उपचार के दौरान कथित चिकित्सीय लापरवाही के कारण उनके पैर में गंभीर संक्रमण फैल गया। परिवार का कहना है कि कई बार अस्पताल में भर्ती होने और लगभग 9 लाख रुपये उपचार पर खर्च करने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। अंततः संक्रमण बढ़ने के कारण उनका पैर काटना पड़ा।

करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि इस घटना के बाद ओमवीर नागर स्थायी दिव्यांगता का जीवन जीने के लिए मजबूर हो गए हैं। उनका रोजगार प्रभावित हुआ है, परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है तथा बच्चों की शिक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।

संगठन के जिला अध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) गौरव भाटी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में चिकित्सीय लापरवाही या अन्य अनियमितता प्रमाणित होती है, तो संबंधित अस्पताल एवं जिम्मेदार चिकित्सकों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, आर्थिक सहायता, दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं का लाभ तथा आजीविका के लिए विशेष राहत प्रदान की जाए।

चौधरी प्रवीण भारतीय ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन यथार्थ हॉस्पिटल के मुख्य द्वार पर संवैधानिक तरीके से आंदोलन शुरू करेगा।

इस अवसर पर बलराज हूण, ब्रह्मपाल कपासिया, गौरव भाटी, जितेंद्र कुमार, धर्मेंद्र भाटी, रोहतास नागर, रिंकू बैंसला, दुलीचंद नागर, विजेंद्र नागर, बालेश्वर नागर, सुरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

What do you feel about this post?

100%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *