ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
लाजपत नगर के रामलीला मैदान में हादसा; दीवारें क्षतिग्रस्त, घायलों में नाबालिग भी शामिल
गाजियाबाद, 5 अक्टूबर 2026: साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर स्थित रामलीला मैदान में सोमवार सुबह दशहरे के लिए रावण और कुंभकर्ण के पुतले तैयार किए जाने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक विस्फोट की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं।
घटना शनि चौक के पास स्थित सामुदायिक भवन/रामलीला मैदान में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। बताया गया कि पुतलों के अंदर दशहरे पर दहन के लिए पटाखे लगाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लगने के बाद विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सामुदायिक भवन की दीवारों को नुकसान पहुंचा और आसपास रखा सामान बिखर गया।
अग्निशमन विभाग को सुबह करीब 9:26 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अंबे अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और तीन को जीटीबी अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर पटाखे बनाने का काम नहीं किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हापुड़ के पिलखुआ निवासी अनिल सिंह को स्थानीय रामलीला समिति की ओर से पुतले तैयार करने का ठेका मिला था। पुतलों में लगाए जा रहे पटाखे पिलखुआ से मंगाए गए थे।
एसीपी अमित सक्सेना सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। विस्फोट की वास्तविक वजह और सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पुतलों में पटाखे लगाने के दौरान आखिर ऐसी कौन-सी चिंगारी या परिस्थितियां बनीं, जिससे यह हादसा हुआ।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
