संजीव कुमार नई दिल्ली| Dilli Times Media
25 जुलाई 2026 नई दिल्ली। केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई विस्तृत वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त करने पर सहमति बन गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बैठक के बाद कहा कि सरकार ने आंदोलन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की है और प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया है।
जेपी नड्डा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल अपने साथ एक लिखित ड्राफ्ट लेकर आया था, जिसमें आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों (केस) से संबंधित चार प्रमुख बिंदु शामिल थे। इसके अलावा दोनों पक्षों के बीच अन्य महत्वपूर्ण मांगों, जैसे किसी भी प्रकार की बदले की कार्रवाई न किए जाने, प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने तथा आंदोलनकारियों के पांच सूत्रीय चार्टर पर विचार करने को लेकर भी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलन से संबंधित एफआईआर की प्रतियां उपलब्ध कराएगी और किसी भी आंदोलनकारी के खिलाफ प्रतिशोधात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। मुआवजे के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के प्रति पूरी संवेदनशीलता रखती है और नियमों एवं कानून के तहत अधिकतम संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
वहीं, सरकार के साथ बातचीत के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी सद्भावना के साथ अपना आंदोलन समाप्त कर रही है और सरकार से हुई सहमति के अनुसार तय समयसीमा के भीतर सभी शर्तों को पूरा किए जाने की अपेक्षा रखती है।
सरकार और आंदोलनकारियों के बीच बनी इस सहमति को लंबे समय से जारी गतिरोध के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि बैठक में हुए आश्वासनों और सहमतियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर किस प्रकार लागू किया जाता है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
