ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|Dilli Times Media
31 अक्टूबर को कमान संभालेंगे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, बनेंगे देश के 29वें वायुसेना प्रमुख
7 अक्टूबर 2026 नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना को 31 अक्टूबर को नया मुखिया मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार ने वायुसेना के उपप्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया है। वह मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह कमान संभालेंगे। अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे।
फाइटर पायलट से लेकर वायुसेना की शीर्ष कमान तक का सफर तय करने वाले आशुतोष दीक्षित का सैन्य करियर करीब चार दशक लंबा है। 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन हुए दीक्षित के नाम 3,500 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है।
मिराज-2000 से लेकर मिग के अलग-अलग संस्करण, जगुआर, हॉक और स्वदेशी तेजस तक उन्होंने कई अहम विमानों को उड़ाया है। वह प्रायोगिक परीक्षण पायलट और योग्य उड़ान प्रशिक्षक भी रह चुके हैं। यही वजह है कि उन्हें लड़ाकू अभियानों के साथ-साथ विमानन तकनीक और प्रशिक्षण का भी गहरा अनुभव हासिल है।
ऑपरेशन का भी लंबा अनुभव
एयर मार्शल दीक्षित ने वायुसेना में कई अहम परिचालन और रणनीतिक जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी रहे हैं। उनके सेवा रिकॉर्ड में ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाइयों का अनुभव दर्ज है।
उनकी विशिष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें कई प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान मिले। इनमें वायु सेना मेडल (2006), विशिष्ट सेवा मेडल (2011), अति विशिष्ट सेवा मेडल (2023) और परम विशिष्ट सेवा मेडल (2026) शामिल हैं।
अब 31 अक्टूबर से वायुसेना की कमान उनके हाथों में होगी। ऐसे समय में जब भारतीय वायुसेना आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा तकनीक और भविष्य की युद्ध क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, दीक्षित के अनुभव और परिचालन पृष्ठभूमि पर सबकी नजर रहेगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
