ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|Dilli Times Media
नोएडा, 25 अगस्त 2026: गौतमबुद्ध नगर के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र अंतर्गत चौड़ा गांव में 14 वर्षीय आयुष शुक्ला (उर्फ हैप्पी) की हत्या की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी असद ने जन्मदिन की पार्टी मनाने के बहाने आयुष को घर से बुलाया और बाद में उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, असद आयुष के घर आया था और उसकी मां योगमाया शुक्ला से कहा था कि खाना बनाकर रखें, वह दो मिनट में आयुष के साथ वापस आ जाएगा। इसके बाद आयुष उसके साथ घर से बाहर चला गया। कुछ समय बाद आयुष की मौत की सूचना मिली। मां का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर इस घटना की तुलना हाल ही में गाजियाबाद के खोड़ा में हुई एक घटना से की जा रही है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के आधिकारिक बयान के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को वादिया (मां) द्वारा तहरीर दी गई कि उनका 13 वर्षीय पुत्र घर से खेलने के लिए दोस्तों के घर गया था और वापस नहीं आया। तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मुख्य बाल अपराधी को पुलिस संरक्षण में ले लिया है। बयान में उल्लेख किया गया है कि मुख्य बाल अपराधी और मृतक आयुष शुक्ला एक ही समुदाय से हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई जाहिरा (स्पष्ट बाहरी) चोट परिलक्षित नहीं होना अंकित है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी और पूछताछ तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जांच निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।
यह घटना इलाके में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। आगे की कार्रवाई और जांच के अपडेट की प्रतीक्षा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
