ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|Dilli Times Media
मुज़फ्फरनगर, 14 अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जिले के भौराकलां थाना क्षेत्र में स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर के प्राचीन शिव मंदिर में मंगलवार रात करीब 9 बजे एक सनसनीखेज वारदात हुई। मंदिर के 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो युवक मोटरसाइकिल पर मंदिर पहुंचे। उन्होंने पुजारी को आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही स्वामी देवानंद भारती बाहर निकले, हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। बुलेट उनके शरीर के आर-पार हो गई, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हमलावर वारदात के तुरंत बाद फरार हो गए। पास में तैनात पीआरडी जवान गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे।
मृतक स्वामी देवानंद भारती ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के मूल निवासी और सेना से सेवानिवृत्त फौजी थे। वे पिछले करीब 20 वर्षों से इस लगभग 200 वर्ष पुराने शिव मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा कर रहे थे और मंदिर परिसर में ही रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भौराकलां पुलिस मौके पर पहुंची। सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह और मुज़फ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी देहात अक्षय महाडिक भी मौजूद रहे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जिसमें शरीर के आर-पार हुई बुलेट भी शामिल है।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्यारों का मृतक से परिचित होना प्रतीत हो रहा है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी और मामले के अनावरण के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना भौराकलां की तीन टीमें गठित की गई हैं। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और मकसद का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
