कश्मीरी गेट में ई-रिक्शा रोककर लूट की कोशिश, चाकूबाजी में एक की मौत

क्राइम दिल्ली

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM

बैग और सामान लूटने का विरोध करने पर बदमाशों ने किया हमला, तीन घायल; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

25 सितंबर 2026 नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में गुरुवार शाम लूटपाट की कोशिश के दौरान हुई चाकूबाजी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। वारदात यमुना बाजार अंडरपास के पास शाम करीब 7:30 बजे हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या और लूट के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांधी नगर की ओर से एक ई-रिक्शा चालक यात्रियों को लेकर खारी बावली की तरफ जा रहा था। यमुना बाजार अंडरपास के पास कुछ बदमाशों ने ई-रिक्शा को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसमें सवार यात्रियों से बैग, सामान और रुपये छीनने का प्रयास किया। यात्रियों और चालक ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक यात्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रभात के रूप में हुई है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, घायलों के बयान मिलने के बाद घटना का पूरा क्रम और आरोपियों की भूमिका और स्पष्ट हो सकेगी।

CCTV से आरोपियों की तलाश

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस के साथ क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस की ऑपरेशन टीम भी मामले की जांच में जुटी है।

फिलहाल पुलिस लूट के प्रयास को वारदात की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

What do you feel about this post?

100%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *