ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|Dilli Times Media
रायबरेली, 16 अगस्त 2026: जिले के बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। अस्पताल परिसर के साथ कई वार्डों और कमरों में करीब एक फुट तक गंदा पानी भर गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे ज्यादा असर जच्चा-बच्चा और नवजात वार्ड पर पड़ा। फर्श पर पानी भरने के बावजूद प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को बेड पर ही रहना पड़ा। जलभराव के कारण दुर्गंध फैलने से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया।
अस्पताल के जन औषधि केंद्र, अधीक्षक कक्ष और सभागार समेत कई अन्य हिस्से भी पानी की चपेट में आ गए। मरीजों और उनके परिजनों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, वहीं स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बछरावां CHC में हल्की बारिश के दौरान भी जलभराव की समस्या सामने आती रही है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
CHC अधीक्षिका अर्पिता ने तेज बारिश के कारण जलभराव होने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि अस्पताल की जल निकासी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था और जल निकासी प्रणाली को लेकर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अस्पताल में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
