ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|Dilli Times Media
शामली, 27 अगस्त 2026: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की बुधवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने अंकित को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना में करीब 18 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिम से बाहर निकलते ही हमलावरों ने घेरा
जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान रोजाना की तरह जिम में वर्कआउट करने के बाद अपनी स्कॉर्पियो की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन से चार हमलावर वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने बेहद नजदीक से कई गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। फायरिंग में अंकित के सिर और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगीं। उनकी गाड़ी के आगे के शीशे में भी गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके से करीब 18 खाली कारतूस बरामद किए हैं।
हरियाणवी संगीत में बना चुके थे पहचान
अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वह पिछले कुछ वर्षों से हरियाणवी संगीत और डिजिटल कंटेंट से जुड़े हुए थे। उनके यूट्यूब चैनल पर लाखों सब्सक्राइबर थे और उनके कई गाने सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हुए।
‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ जैसे गाने से उन्हें खास पहचान मिली थी। इसके अलावा वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। पुलिस अब उनकी निजी जिंदगी, पुराने विवादों और चुनावी गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गोगी गैंग के नाम से कथित पोस्ट वायरल
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट वायरल हुई है, जिसमें गोगी गैंग की ओर से वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में अंकित द्वारा गैंग से जुड़े किसी घटनाक्रम पर गाना बनाने का भी जिक्र किया गया है।
हालांकि, पुलिस ने अभी इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की जांच के साथ-साथ इस बात का भी पता लगा रही है कि वारदात के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या फिर पुरानी रंजिश अथवा स्थानीय विवाद इसका कारण है।
पुलिस ने गठित की कई टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। हरियाणा और पंजाब की ओर भी पुलिस टीमों को भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, आपराधिक गिरोहों से संभावित संबंध और पंचायत चुनाव से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सड़क पर शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन
हत्या की खबर फैलते ही परिवार और समर्थकों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर दिल्ली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अंकित के पिता सतबीर सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक विरोध जारी रखने की बात कही। इस दौरान परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। अंकित की मां का बेटे के शव को गोद में लेकर बैठने का भावुक दृश्य भी सामने आया।
अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने 18 राउंड फायरिंग में लोकप्रिय गायक की हत्या को गंभीर घटना बताते हुए उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और सरकार को घेरा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वारदात के पीछे वास्तविक कारण क्या था और वायरल गैंग पोस्ट कितनी प्रामाणिक है, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
