संजीव कुमार उत्तर प्रदेश| Dilli Times Media
ग्रेटर नोएडा, 4 अगस्त। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच समाउद्दीनपुर गांव में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव निवासी राकेश पुत्र दाताराम के मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि छत गिरने से कुछ ही क्षण पहले परिवार के सभी सदस्य कमरे से बाहर निकल आए, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की छत कमजोर हो गई थी। सोमवार रात पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था, तभी अचानक छत गिरने की आशंका महसूस होने पर सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही देर बाद मकान की छत भरभराकर गिर गई।
हालांकि इस हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई, लेकिन घर में रखा घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की मदद की।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को तत्काल राहत राशि, क्षतिग्रस्त सामान का मुआवजा तथा आवासीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को राहत मिल सके।
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के कई पुराने और जर्जर मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कमजोर भवनों का सर्वे कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
