ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
गोरखपुर, 30 अगस्त 2026 : भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने शनिवार को गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शहर की तुलना स्पेन से कर दी। उन्होंने कहा कि उन्हें गोरखपुर स्मार्ट सिटी और स्पेन जैसा लगता है। जो लोग इसे नहीं देख पा रहे, वे अंधे हैं। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अंदाज पर हंस पड़े। इस वीडियो क्लिप ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है।
कार्यक्रम बशरतपुर स्थित नवनिर्मित कल्याण मंडपम के उद्घाटन का था। यहां लगभग 170 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। रवि किशन ने भोजपुरी मिश्रित अंदाज में कहा, “हमके लगेला गोरखपुर स्पेन है। हमें लगेला गोरखपुर अद्भुत जगह है। हमें लगेला कि गोरखपुर स्मार्ट सिटी हवे। मैं कई जगह गया हूं। अगर केहू आंख के अंधा बा त हम का करी। जेके कुछ नाहीं दिखत बा।”
उन्होंने गोरखपुर पर गर्व जताते हुए शहर में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया। बिना किसी विपक्षी नेता का नाम लिए उन्होंने विकास को नजरअंदाज करने वालों पर तंज कसा। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मत्स्य मंत्री संजय निषाद समेत अन्य लोग इस बयान पर मुस्कुराए और हंसे।
रवि किशन पिछले कुछ समय से गोरखपुर को स्पेन जैसा बताते रहे हैं। वे रामगढ़ ताल, सड़क निर्माण, खेल सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास का हवाला देते हैं। विपक्ष ने पहले भी इस तुलना पर आपत्ति जताई है और इसे अतिरंजित बताया है।
वीडियो क्लिप रवि किशन की विशिष्ट शैली और योगी आदित्यनाथ के सहज रिएक्शन के कारण तेजी से वायरल हो गया। कार्यक्रम में सांसद ने डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए आने वाले चुनाव में योगी सरकार की वापसी का दावा भी किया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
