धार्मिक स्थलों पर घुमाने के बहाने अमरोहा लाई गई युवती से गैंगरेप का आरोप, चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश क्राइम

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM

फार्म हाउस में वारदात का आरोप; यूपी पुलिस के दरोगा-हेड कांस्टेबल और CRPF के दो जवान हिरासत में

अमरोहा, 24 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में एक फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फार्म हाउस उत्तराखंड के खानपुर क्षेत्र के निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, विधायक घटना में संलिप्तता का कोई आरोप सामने नहीं आया है और फार्म हाउस के स्वामित्व व उससे जुड़े लोगों की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली युवती की एक महिला परिचित के माध्यम से CRPF कर्मी से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि धार्मिक स्थलों की यात्रा के बहाने उसे 21 सितंबर को सोनीपत से मेरठ लाया गया। वहां CRPF के दूसरे कर्मी के साथ वह अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र पहुंची। रास्ते में हसनपुर कोतवाली में तैनात सब-इंस्पेक्टर भी उनके साथ हो गया। इसके बाद युवती को अतरासी-हसनपुर मार्ग स्थित एक फार्म हाउस ले जाया गया, जहां दो कमरे लिए गए।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि फार्म हाउस पर खाना और शराब मंगाई गई। इसके बाद तीन आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। चौथे आरोपी पर भी जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप है। युवती ने उसे कमरे से बाहर धकेलकर दरवाजा बंद कर लिया और सुबह करीब छह बजे पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही हसनपुर और राजपुर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश किया गया।

दरोगा निलंबित, CRPF से कार्रवाई की सिफारिश

अमरोहा पुलिस के अनुसार, आरोपी सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। CRPF के दोनों कर्मियों के खिलाफ भी कड़ी विभागीय कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। पीड़िता को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में पीड़िता के बयान, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फार्म हाउस के स्वामित्व और वहां मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *