ग्रेटर नोएडा, 17 जुलाई| विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण कार्यालय के बाहर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। महापंचायत में कई दर्जन गांवों के किसान और विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्राधिकरण और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
किसानों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
किसानों की प्रमुख मांगें
4 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड का लाभ किसानों को दिया जाए।
नए भूमि अधिग्रहण कानून के प्रावधानों को लागू किया जाए।
गांवों की आबादियों की लीजबैक की प्रक्रिया पूरी की जाए।
लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शन को देखते हुए ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आया।
अब सभी की निगाहें प्रशासन और किसान नेताओं के बीच संभावित वार्ता पर टिकी हैं। यदि बातचीत में कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो आने वाले दिनों में आंदोलन के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
