अमित शाह का राहुल गांधी पर करारा हमला, कहा- अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला

टेक्नोलॉजी दुनिया राजनीति

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM

यमुना शुद्धीकरण की ₹8,941 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण, 2029 तक नदी को निर्मल बनाने का लक्ष्य

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2026:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली में यमुना नदी के शुद्धीकरण से जुड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में बैठे हैं और उनकी आवाज नहीं सुन सकते, लेकिन एक बार दिल्ली लौटने पर याद रखें कि अगले 30 साल तक उनका नंबर नहीं लगने वाला।
शाह दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में दिल्ली जल बोर्ड की ₹8,941 करोड़ की लागत वाली 43 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इनमें 10 परियोजनाओं का उद्घाटन और 33 का भूमि पूजन शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य यमुना में गंदा पानी जाने से रोकना, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों का उन्नयन और घर-घर सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा, “मुझे मालूम है कि आप मेरी आवाज नहीं सुन सकते, आप विदेश में कहीं बैठे हैं। आप वहां क्यों बैठे हैं, वह आपकी निजी जिंदगी है। एक बार आप दिल्ली लैंड कर जाइए… मेरी बात सुनकर रखना, अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है।”

उन्होंने विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जब कांग्रेस कहीं चुनाव जीत जाती है तो चुनाव आयोग और मतदाता सूची ठीक लगती है, लेकिन हारने पर आरोप लगाए जाते हैं। शाह ने कहा, “दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे। धरना-प्रदर्शन से कुछ नहीं होता। जनता के बीच रहकर काम कीजिए, वरना बचा-खुचा भी चला जाएगा।”

यमुना शुद्धीकरण पर बोलते हुए गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए बताया कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के एक महीने के भीतर ही यमुना सफाई को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। उन्होंने दावा किया कि अब तक 40 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और मई 2029 तक यमुना को निर्मल बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
शाह ने पिछली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर आरोप लगाया कि उन्होंने दशकों तक यमुना में गंदा पानी छोड़ने का काम किया। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने यमुना में डुबकी लगाने के वादे किए थे, लेकिन पूरा नहीं किया।
इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भी मौजूद रहे। इन परियोजनाओं में ओखला में नया 124 एमजीडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और कई पुराने प्लांटों का उन्नयन शामिल है। सरकार का दावा है कि इनके पूरा होने के बाद दिल्ली का अशोधित गंदा पानी यमुना में नहीं जाएगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *