ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े हत्या,दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज सामने आया, युवक को दौड़ा-दौड़ाकर मारी गईं छह गोलियां

उत्तर प्रदेश क्राइम

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM

ग्रेटर नोएडा, 13 अक्टूबर 2026: जेवर थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर कस्बे में चार दिन पहले हुई सनसनीखेज हत्या का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावरों ने बीच बाजार युवक को दौड़ा-दौड़ाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। छह गोलियां लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना 4 दिन पहले रात करीब 10:30 बजे मोहल्ला व्यापारियान स्थित बाजार में हुई थी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय इमरान के रूप में हुई है, जो परिवार के साथ जहांगीरपुर में रहते थे और कबाड़ का काम करते थे। बाइक सवार हमलावरों ने इमरान पर घात लगाकर हमला किया। सीसीटीवी फुटेज में युवक अपनी जान बचाने के लिए भागता नजर आता है, जबकि हमलावर लगातार उसका पीछा करते हुए गोलियां चलाते दिखते हैं। फायरिंग के दौरान बाजार में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। वारदात के बाद आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में पता चला है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा है। करीब पांच साल पहले यूनुस की गोली मारकर हत्या के मामले में इमरान का नाम सामने आया था और वह जेल भी जा चुके थे। जमानत पर बाहर आने के बाद बदले की भावना से यह वारदात अंजाम दी गई। इमरान के भाई फरमान की शिकायत पर पुलिस ने अनीश, नफीस, शेर उर्फ आरिफ, चांद, यूनुस और जान मोहम्मद समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि चार अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े बाजार जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बाकी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *