माउंट आबू पब्लिक स्कूल के छात्रों को मिला स्वास्थ्य परामर्श
नई दिल्ली: रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत के अवसर पर 3 जुलाई 2026 को उत्तर भारत के सबसे पुराने रोटरी क्लब रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली और फोर्टिस अस्पताल, ओखला के संयुक्त तत्वावधान में रोहिणी स्थित माउंट आबू पब्लिक स्कूल में एक विशेष हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच करना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना और बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देना था।
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कृष्णा चंद के नेतृत्व में किया गया। फोर्टिस अस्पताल की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के बारे में महत्वपूर्ण सलाह दी।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में माउंट आबू पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. ज्योति अरोड़ा और स्कूल के शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली के अध्यक्ष राजन गिरधर, मानद सचिव रोटेरियन विनोद साहनी तथा मानद कोषाध्यक्ष रोटेरियन अनिल जैन भी मौजूद रहे। वहीं फोर्टिस अस्पताल की ओर से कृष्ण चंद और चंदन उपाध्याय ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय रहते संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी जोर दिया गया।
रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली और फोर्टिस अस्पताल के इस संयुक्त प्रयास की स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों ने सराहना की। आयोजकों ने भविष्य में भी समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
