ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
लोडर चालक को सामान शिफ्ट करने के नाम पर बुलाया; सीसीटीवी से खुला राज, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार, नाबालिग संरक्षण में
गुरुवार 22 अक्टूबर उन्नाव / उत्तर प्रदेश: पति की हत्या कर शव लोहे के बक्से में बंद कर हाईवे किनारे फेंकने के मामले में गंगाघाट पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घरेलू विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। शव ठिकाने लगाने के लिए 1,200 रुपये में लोडर किराये पर लिया गया था।
पुलिस के अनुसार, शुक्लागंज के कंचन नगर निवासी सोनू और उसकी पत्नी नेहा रावत के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि नेहा ने पड़ोसी जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल और तोहीद के साथ मिलकर सोनू की हत्या की साजिश रची। 19-20 अक्टूबर की दरमियानी रात कथित तौर पर सोनू के सिर पर वार किया गया। इसके बाद शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बक्से में बंद कर दिया गया।
अस्पताल के सामने फेंका बक्सा
पुलिस की जांच के मुताबिक, 20 अक्टूबर की रात बक्से को लोडर से ले जाकर उन्नाव-रायबरेली हाईवे पर ललऊखेड़ा स्थित अस्पताल के सामने सड़क किनारे फेंक दिया गया। बक्से में शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वाहन संबंधी सुरागों के आधार पर लोडर की पहचान की। इसके बाद पूछताछ में कथित साजिश की कड़ियां सामने आईं। पुलिस ने नेहा, जितेंद्र और तोहीद को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल सामान, लोडर और लोहे का बक्सा बरामद करने का दावा भी किया गया है।
मृतक के भाई की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस लोडर मालिक और चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में विवेचना जारी है। आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
