ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
ग्रेटर नोएडा, 13 अक्टूबर 2026: केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आईएचजीएफ दिल्ली फेयर (ऑटम-2026) के उद्घाटन के दौरान उन्होंने दिल्ली में विपक्ष के मार्च को ‘अर्बन नक्सली’ आचरण करार दिया और राहुल गांधी पर संविधान के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
गिरिराज सिंह ने कहा, “राहुल गांधी नकली संविधान लेकर संविधान को तार-तार कर रहे हैं।” उन्होंने विपक्ष के प्रदर्शन के तरीके पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शनों के दौरान पुलिसकर्मियों और पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे विरोध-प्रदर्शनों से आम लोगों को परेशानी होती है।
विपक्ष के मार्च को ‘शिव की बारात’ बताए जाने पर पलटवार करते हुए सिंह ने कहा, “शिव ने विष पिया था, ये लोग विष फैला रहे हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए विपक्ष की राजनीति और आंदोलन के तौर-तरीकों की आलोचना की। साथ ही, चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि ऐसे प्रदर्शनों से जनता में नाराजगी बढ़ सकती है।
गिरिराज सिंह की यह टिप्पणी चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच आई है। विपक्षी दल मतदाता सूची की समीक्षा में पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठा रहे हैं। इसी मुद्दे पर विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया था।
इस बीच, आईएचजीएफ दिल्ली फेयर का आयोजन हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) की ओर से किया जा रहा है। पांच दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भारतीय हस्तशिल्प उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर है।
गिरिराज सिंह के बयान से चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर भाजपा तथा विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक टकराव एक बार फिर तेज हो गया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
