ग्रेटर नोएडा के तिलपता में दर्दनाक सड़क हादसा, कंटेनर की चपेट में आने से युवक की मौत

उत्तर प्रदेश

संजीव भाटी ग्रेटर नोएडा|DTM

ग्रेटर नोएडा, 14 अक्टूबर 2026: गौतमबुद्ध नगर जिले के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तिलपता कंटेनर डिपो के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम शिवराजपुर (श्योराजपुर) निवासी कुलदीप प्रजापति (30) पुत्र मैहर चंद के रूप में हुई है। कुलदीप किसी काम से तिलपता की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक मौके पर ही दम तोड़ गए।
सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे में शामिल कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। स्वजनों की तहरीर पर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल छा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि तिलपता से कंटेनर डिपो तक का मार्ग भारी वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण अक्सर खतरनाक बना रहता है। इस रूट पर जाम और दुर्घटनाओं की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था सामान्य है और जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है,यह घटना एक बार फिर भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों के बीच सड़क सुरक्षा के मुद्दे को रेखांकित करती है। पुलिस जांच के बाद और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *