संजीव कुमार भाटी ग्रेटर नोएडा|Dilli Times Media
ग्रेटर नोएडा/दनकौर, 25 अगस्त 2026| ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के खेल मैदान में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जेवर विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
गौतमबुद्ध नगर में आकाश आनंद का यह पहला बड़ा जनसभा कार्यक्रम माना जा रहा है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य फोकस वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करना रहा।
आकाश आनंद ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार के साथ-साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुट होकर पार्टी के संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होना जरूरी है और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
जेवर से सतवीर सिंह नागर के नाम की घोषणा
सम्मेलन के दौरान जेवर विधानसभा क्षेत्र के लिए बसपा की ओर से सतवीर सिंह नागर को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा भी की गई। सतवीर सिंह नागर गुर्जर समाज से आते हैं उनके नाम की घोषणा के बाद सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
पार्टी के इस सम्मेलन को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बसपा के संगठन को फिर से सक्रिय करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। जेवर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी ने स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर जोर दिया है।
मिशन-2027 पर बसपा का फोकस
बसपा नेतृत्व ने सम्मेलन के जरिए कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, जेवर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय एवं क्षेत्रीय समीकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में सतवीर सिंह नागर की उम्मीदवारी और आकाश आनंद के गृह जनपद में बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन को बसपा की चुनावी रणनीति के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।
सम्मेलन के माध्यम से बसपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान के लिए तैयार करने की दिशा में अपनी तैयारी का संकेत दिया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
