ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की घोषणा, लड़के-लड़कियों दोनों को मिलेगी सुविधा
नई दिल्ली, 15 सितंबर 2026: दिल्ली सरकार राजधानी में पढ़ने वाले छात्रों के लिए 10 हजार क्षमता वाले नए हॉस्टल बनाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि हॉस्टल लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए होंगे और दिल्ली के किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र इनका लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार ने हॉस्टल निर्माण के लिए संभावित स्थानों की पहचान कर ली है और इसके लिए नीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित हॉस्टलों में छात्रों की सुरक्षा के साथ-साथ किफायती किराया, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
CM रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को देश का बड़ा शिक्षा केंद्र बनाने के लिए केवल अच्छे कॉलेज और विश्वविद्यालय पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास की व्यवस्था भी जरूरी है। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्र दिल्ली में पढ़ने आते हैं, लेकिन दाखिला मिलने के बाद उनके सामने सुरक्षित और कम खर्च में रहने की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे हॉस्टल विकसित करना चाहती है, जहां अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर निश्चिंत रहें और छात्र रहने-खाने की चिंता से मुक्त होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे सकें।
यह घोषणा हाल ही में सत्य निकेतन भवन हादसे के बाद सामने आई है। हादसे में छात्रों के रहने वाले एक भवन के ढहने से कई लोगों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद राजधानी में निजी पीजी और छात्र आवासों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। ऐसे में सरकार की 10 हजार छात्रों के लिए हॉस्टल योजना को सुरक्षित छात्र आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हालांकि, अभी हॉस्टलों के निर्माण की समयसीमा, किराया, प्रवेश की पात्रता, आवंटन प्रक्रिया और प्रस्तावित स्थानों की विस्तृत जानकारी सरकार की ओर से जारी नहीं की गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
