ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
गांधीनगर,10 सितंबर 2026: गुजरात की राजधानी गांधीनगर के कुडासन इलाके में बुधवार रात एक निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में बड़ा हादसा हो गया। ‘बोस्की द एम्पायर’ नामक इमारत के निर्माण स्थल पर लोहे का विशाल स्लैब अचानक ढह गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। राहत-बचाव अभियान के बाद सभी 15 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कोई मौत नहीं हुई।
हादसा बुधवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ। निर्माण कार्य के दौरान दो यूनिट्स के बीच लोहे का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था। अचानक स्लैब भरभराकर नीचे गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड, पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने के लिए प्लाज्मा कटर, गैस कटर और भारी क्रेनों का इस्तेमाल किया गया।
उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कुल 15 मजदूरों को बचाया गया। इनमें से 12 को गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन को हल्की चोटें होने के कारण छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य मंत्री प्रवीण पंसेरिया ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों की हालत का जायजा लिया। डॉक्टरों के अनुसार कोई भी मरीज गंभीर हालत में नहीं है। कुछ मजदूरों को रीढ़ की हड्डी और फ्रैक्चर की चोटें आई हैं, लेकिन सभी स्थिर हैं।
जिला कलेक्टर रवींद्र खताले ने बताया कि सभी फंसे हुए मजदूरों को बचा लिया गया है और मलबा हटाने का काम सावधानी से जारी रखा गया, ताकि कोई और व्यक्ति अंदर न रह जाए। पुलिस अधीक्षक के अनुसार हादसे के समय साइट पर करीब 13 मजदूर मौजूद थे, जिनमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल थीं। इनमें से कई मजदूर दाहोद, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से आए थे।
प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जांच में सुरक्षा मानकों के पालन, स्लैब की गुणवत्ता और निर्माण संबंधी किसी भी लापरवाही की जांच की जाएगी।
यह घटना दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के कुछ दिन बाद हुई है, जिससे निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल उठने लगे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
