संजीव कुमार भाटी ग्रेटर नोएडा|Dilli Times Media
14 अगस्त2 2026 ग्रेटर नोएडा। अगस्त क्रांति 2026 के तहत करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में कथित भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आंदोलन किया। जिला अध्यक्ष प्रेम प्रधान के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को संबोधित ज्ञापन ओएसडी अजय शर्मा को सौंपा।
संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने प्राधिकरण में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों और क्षेत्रवासियों को उनके अधिकार समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
चौधरी प्रवीण भारतीय ने मांग की कि लीज डीड के अनुसार किसानों के बच्चों को शिक्षा में निर्धारित छूट का लाभ दिया जाए। किसानों के इलाज के लिए अस्पतालों में निर्धारित छूट लागू कराने के साथ ही गरीब लोगों के लिए निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की जाए। गांवों का विकास शहरों की तर्ज पर कराने तथा निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
संगठन ने ग्रेटर नोएडा में बड़े सरकारी अस्पताल, इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज की स्थापना, किसानों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण तथा प्राधिकरण में लीज एवं टीएम से संबंधित कार्यों में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा लंबे समय से प्राधिकरण में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संबंध में स्थानांतरण नीति के अनुसार कार्रवाई करने और शहर की गड्ढायुक्त सड़कों का तत्काल पुनर्निर्माण एवं आवश्यक मरम्मत कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
प्रदेश महासचिव मास्टर दिनेश नागर ने कहा, “जनता को भीख नहीं, अपने अधिकार चाहिए।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संगठन की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन की ओर से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर आलोक नागर, दिनेश नागर, बलराज हूण, गौरव भाटी, कुलवीर भाटी, प्रेमराज भाटी, मलखान सिंह यादव, धर्मेंद्र, तेजवीर चौहान, आकाश नागर, रविन्द्र, पवन, यतेंद्र नागर, ब्रह्म प्रधान, हरेंद्र कसाना, रिंकू बैंसला, कृष्ण नागर, सुरेंद्र तोमर, मूलचंद शर्मा, प्रीतपाल राठी, दुलीचंद नागर, विजेंद्र सिंह, सुभाष नागर, प्रमोद भाटी सहित संगठन के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
