3 जुलाई2 2026 नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में एक्सपायरी खाद्य उत्पादों की री-पैकेजिंग कर उन्हें नई एक्सपायरी और मैन्युफैक्चरिंग डेट के साथ बाजार में बेचने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। संयुक्त कार्रवाई में अधिकारियों ने 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के एक्सपायरी खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं। इस मामले में फैक्टरी संचालक, कंपनी मालिक समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से एक्सपायरी हो चुके खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग बदलकर उन पर नई तारीखें प्रिंट करते थे। इसके बाद इन्हें दोबारा पैक कर देश के विभिन्न राज्यों तक सप्लाई किया जाता था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इन उत्पादों की बिक्री ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए भी की जा रही थी, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरा पैदा हो सकता था।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने भारी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री, नकली लेबल, पैकेजिंग मशीनें, प्रिंटिंग उपकरण और री-पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया। मौके से कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था और अब इसकी सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच इस बात की भी की जा रही है कि देश और विदेश के किन-किन बाजारों में ये फर्जी तरीके से री-पैक किए गए खाद्य उत्पाद भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी खाद्य उत्पाद को खरीदने से पहले उसकी निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग और गुणवत्ता की अच्छी तरह जांच करें। किसी भी संदिग्ध उत्पाद की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
