ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|Dilli Times Media
फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश 15 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जब पूरा देश तिरंगे के रंग में रंग रहा था, तब फिरोजाबाद की कुछ गलियों में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। नगर निगम की बदहाल जल-निकासी व्यवस्था के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। छात्र तिरंगा झंडा हाथ में लेकर घुटनों तक भरे पानी में चलते हुए आजादी का जश्न मनाने निकले।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चे और स्थानीय लोग कीचड़ भरे पानी से होकर गुजर रहे हैं। कई छात्र नंगे पैर चल रहे हैं, कुछ जूते हाथ में थामे हुए हैं, जबकि एक छात्र तिरंगा झंडा लेकर आगे बढ़ रहा है। आसपास के मकानों और दुकानों के सामने पानी भरा हुआ है। वीडियो में लोग अपने सामान सिर पर रखकर पानी पार करते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश के बाद भी शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या सालों से बनी हुई है। नालों की नियमित सफाई न होने और ड्रेनेज सिस्टम की खराबी के कारण पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। आजादी के दिन यह दृश्य और भी पीड़ादायक लगता है।
एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “हर साल यही हालत रहती है। नगर निगम टैक्स तो वसूल लेता है, लेकिन बुनियादी सुविधाएं देने में असफल है। बच्चे स्कूल या कार्यक्रमों में जाते हैं तो पानी में से निकलना पड़ता है।”
फिरोजाबाद में जलभराव की समस्या नई नहीं है। इससे पहले भी बारिश के बाद प्रमुख मार्गों, अंडरपास और रिहायशी इलाकों में पानी भरने की शिकायतें आती रही हैं। प्रशासन समय-समय पर नालों की सफाई का दावा करता है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग ही बयां करती है।
आजादी के 79 साल बाद भी जब बच्चे तिरंगा लेकर पानी में तैरते नजर आते हैं, तो सवाल उठना लाजमी है — इन तालाब जैसी सड़कों से आज़ादी कब मिलेगी?
नगर निगम प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
