ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास की घटना, NDRF, SDRF और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
8 अक्टूबर 2026 नोएडा: सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 29 वर्षीय युवक रवि ने कथित तौर पर एनएसईजेड के पास स्थित नाले में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू कर दी। नाले में पानी और गंदगी अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
प्रारंभिक पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रवि मूल रूप से एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र स्थित जैनपुरा गांव का रहने वाला बताया गया है। वह वर्तमान में नोएडा के हरौला इलाके में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों के बीच बीच-बचाव भी कराया। इसके बाद रवि कथित तौर पर गुस्से में वहां से चला गया और नाले में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। इसके बाद फायर सर्विस, SDRF, NDRF और गोताखोरों को रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। नावों और अन्य संसाधनों की मदद से नाले में युवक की तलाश देर रात तक जारी रही।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार शुरुआती जानकारी में युवक के स्वेच्छा से नाले में कूदने की बात सामने आई है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को वजह बताया जा रहा है। हालांकि पूरे मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
रेस्क्यू टीमों ने नाले में काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया। नाले की स्थिति और पानी में गंदगी अधिक होने के कारण युवक की तलाश में टीमों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
पुलिस मामले की जांच के साथ युवक की तलाश और घटना के कारणों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
