17 जुलाई 2026 बुलंदशहर। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जोखाबाद चौकी के सामने कल (गुरुवार) को खुले नाले में एक्टिवा स्कूटी गिरने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चौधरीवाड़ा निवासी मोनू के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोनू एक्टिवा से गुजर रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खुले नाले में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने UPSIDC पर औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से खुले नाले और असुरक्षित सड़कें दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने इन्हें सुरक्षित करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में कई स्थानों पर खुले नाले और क्षतिग्रस्त सड़कें लगातार हादसों का कारण बन रही हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
यह घटना एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही और बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस हादसे से सबक लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाता है या नहीं।
ब्यूरो रिपोर्ट दिल्ली टाइम्स मीडिया
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
