नोएडा के छिजारसी में बिजली का तार टूटकर गिरा, 5 लोग झुलसे; एक की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य

16 जुलाई 2026 नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छिजारसी गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। हादसे में पांच लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार की हालत सामान्य बताई जा रही है, जबकि एक युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार गिरते ही वहां मौजूद एक स्कूटी में भी आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व बिजली विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विद्युत आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में जर्जर बिजली लाइनों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच कर रहे हैं तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *