8 जुलाई 2026 उज्जैन (मध्य प्रदेश): लगातार हो रही भारी बारिश के चलते उज्जैन में शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी के उफान पर आने से रामघाट सहित कई घाटों के आसपास स्थित मंदिर जलमग्न हो गए हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और श्रद्धालुओं व पर्यटकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
रामघाट होम गार्ड नाइट पेट्रोल इंचार्ज राशिद खान ने बताया कि शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण कई पुल पानी में डूब गए हैं। हालांकि, पर्यटकों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गहरे पानी में जाने से रोका जा रहा है तथा केवल सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अनुमति दी जा रही है।
राशिद खान के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नाइट शिफ्ट में 10 होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं, जबकि दिन के समय 15 से 20 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे अनावश्यक भीड़ न लगाएं, सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर विशेष ध्यान दें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अगले कुछ दिनों तक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। ब्यूरो रिपोर्ट दिल्ली टाइम्स मीडिया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
