मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई स्लीपर बस; 4 यात्रियों की मौत, कई घायल
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से नोएडा की ओर जा रही एक स्लीपर (वोल्वो) बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 65 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस, यूपीडा की टीम और राहत-बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रेलर से पीछे से हुई टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं ब्यूरो रिपोर्ट दिल्ली टाइम्स मीडिया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
