ग्रेटर नोएडा में पांच मौतों के मामले में नया मोड़, मृतक की दो बहनें और बहनोई गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश क्राइम

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM

वॉइस नोट और संपत्ति विवाद की जांच में जुटी पुलिस, विसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

18 अक्टूबर 2026 ग्रेटर नोएडा: रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को बड़ा कदम उठाते हुए मृतक महेश की दो बहनों और एक बहनोई को गिरफ्तार कर लिया। मामले में मृतक के मोबाइल से बरामद वॉइस नोट और लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद को अहम साक्ष्य के तौर पर जांचा जा रहा है। हालांकि, पांचों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह 17 अक्टूबर को महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35) और तीन बच्चों लड्डू (11), मिष्टी (7) व साक्षात (3) के शव घर के अंदर बिस्तरों पर मिले थे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में शुक्रवार रात नूडल्स और चाय के सेवन की बात सामने आने पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी।

वॉइस नोट से बढ़ा संदेह

जांच के दौरान महेश के मोबाइल से मिले कथित वॉइस नोट में उनकी बड़ी बहन सुनीता, छोटी बहन सपना और बहनोई शेखर उर्फ चंद्रशेखर का जिक्र सामने आया। मृतका ललिता के भाई आकाश की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद रविवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

संपत्ति विवाद की भी जांच

पुलिस के अनुसार, परिवार में मकान, जमीन और मुआवजा राशि को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोप है कि महेश के मकान को उनकी बहन ने बुजुर्ग मां को प्रभावित कर अपने नाम करा लिया था। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पोस्टमॉर्टम से मौत की ठोस वजह स्पष्ट नहीं होने पर पांचों के विसरा नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस हत्या, जहर दिए जाने और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। विसरा रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *