वृंदावन में जहरीली गैस का कहर, चार छात्रों की मौत; एक की हालत स्थिर

उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM

साथी को बचाने टंकी में उतरे चार छात्र भी नहीं लौटे बाहर, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान; मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

मथुरा (वृंदावन), 7 अक्टूबर 2026: वृंदावन के चैतन्य विहार सेक्टर-2 स्थित पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार रात दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि पांचवें छात्र को बचा लिया गया। भूमिगत पानी की टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से यह हादसा होने की आशंका है। घटना के बाद गुरुकुल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, करीब 12 से 14 फुट गहरी टंकी से दुर्गंध आ रही थी। मंगलवार रात करीब 10 बजे छात्रों ने मोटर से पानी निकाला। इसके बाद बचा पानी और कीचड़ साफ करने के लिए एक छात्र टंकी में उतरा, लेकिन बाहर नहीं आया। उसे बचाने के लिए चार अन्य छात्र भी एक-एक कर अंदर उतर गए। आशंका है कि टंकी में जमा गैस की चपेट में आने से सभी बेहोश हो गए। बाद में परिसर में मौजूद लोगों ने पांचों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतकों की पहचान मनु कटारे (22), विशू शर्मा (19), आर्यन पांडेय (16) और देवांश शर्मा (17) के रूप में हुई है। बचाए गए छात्र रुद्राक्ष उर्फ रुद्र की हालत स्थिर बताई गई है। उसका इलाज जारी है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि टंकी लंबे समय से बंद थी और उसमें गैस जमा होने की आशंका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जांच में सुरक्षा मानकों, टंकी की सफाई के इंतजाम और संस्थान की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

गुरुकुल में कक्षा छह से 12वीं तक पढ़ाई होती है। यहां करीब 200 छात्र दर्ज हैं, जिनमें लगभग 100 परिसर में रहते हैं। पुलिस के अनुसार, संस्थान के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जाएगी। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

हादसे ने बंद टंकियों की सफाई में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *