ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
दिल्ली निवासी युवक की मौत, महिला समेत तीन घायल; मांट टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
मथुरा, 5 अक्टूबर 2026: यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना राया क्षेत्र में मांट टोल प्लाजा के पास माइल स्टोन 107-108 के बीच हुआ। तेज रफ्तार होंडा सिटी आगे चल रही एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग गाड़ी से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब पांच बजे हुआ। होंडा सिटी कार से नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे। बताया गया कि कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही पेट्रोलिंग गाड़ी में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में कुछ ही क्षणों में आग की लपटें उठने लगीं।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात को सुचारु कराया।
सीओ मांट अमरनाथ यादव के मुताबिक, हादसे में कार चालक राघव की मौत हो गई। उनकी बहन प्रतिभा घायल हुई हैं। वहीं, पेट्रोलिंग वाहन में सवार पुलिसकर्मी अनिल और चालक प्रताप सिंह भी घायल बताए गए हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और कार के अनियंत्रित होने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने और आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
