ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद अगस्त में दिया था इस्तीफा, उत्तर प्रदेश से शुरू करेंगी राजनीतिक सफर; किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होने का ऐलान
29 सितंबर 2026 लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब एक महीने पहले प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद मंगलवार को अपने अगले कदम से पर्दा उठा दिया। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने राजनीति में आने का ऐलान किया है। मित्तल ने कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं, जिनकी समस्याएं सरकारी दफ्तरों और व्यवस्था तक नहीं पहुंच पातीं या पहुंचने के बाद भी अनसुनी रह जाती हैं।
दिव्या मित्तल 2013 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी रही हैं। करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने संत कबीरनगर, मिर्जापुर और देवरिया समेत कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। मिर्जापुर की जिलाधिकारी रहते हुए दूरस्थ गांवों तक पाइपलाइन से पानी पहुंचाने की पहल को लेकर भी वह चर्चा में रही थीं। अगस्त 2026 में उन्होंने राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद से इस्तीफा दिया था, जिसे सितंबर में मंजूरी मिली।
अपने राजनीतिक ऐलान में मित्तल ने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान सामने आई कई समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने स्कूल निर्माण, खराब बुनियादी ढांचे, भूमि संबंधी मामलों और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि केवल व्यवस्था बदलने की बात पर्याप्त नहीं है, बल्कि राजनीति के काम करने के तरीके में भी बदलाव जरूरी है।
मित्तल ने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीतिक यात्रा उत्तर प्रदेश से शुरू होगी और फिलहाल वह किसी स्थापित राजनीतिक दल के साथ नहीं जुड़ रही हैं। उन्होंने जनता के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक राह बनाने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने अभी किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने या किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।
दिव्या मित्तल के राजनीति में प्रवेश के साथ ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनके संभावित अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उनकी ओर से फिलहाल जोर जनता से सीधे जुड़ने और उन मुद्दों को राजनीतिक मंच देने पर है, जिन्हें वह अपने प्रशासनिक अनुभव के दौरान करीब से देख चुकी हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
