दिल्ली में दरिंदगी का खौफनाक चेहरा: 16 वर्षीय किशोरी से कथित गैंगरेप, फिर चाकू से हत्या

क्राइम दिल्ली

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली| DTM

परिचित से मिलने गई थी किशोरी, शिकायत की बात पर बुलाए दोस्त; खेत में मिला शव, 50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर चार आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 18 सितंबर 2026: राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय शिवम गणेश समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नाबालिग हैं। पुलिस के मुताबिक नाबालिग आरोपियों की उम्र 16 और 17 वर्ष है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी 10 सितंबर की शाम अपने परिचित 17 वर्षीय युवक से मिलने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। किशोरी ने घटना की शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने कथित तौर पर अपने साथियों को बुला लिया। पुलिस जांच के मुताबिक इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।

खेत में ले जाकर किए चाकू से वार

जांच के अनुसार, 11 सितंबर की सुबह किशोरी को ऑटो से एक खेत की ओर ले जाया गया। पुलिस का आरोप है कि वहां उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए और शव को छिपाने का प्रयास किया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को पुलिस ने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है।

13 सितंबर को कुशक रोड, स्वरूप नगर के पास खेत में किशोरी का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज की।

CCTV ने खोली आरोपियों तक पहुंचने की राह

पुलिस ने इलाके के 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक टेंपो की गतिविधियां सामने आईं। अलग-अलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर पुलिस ने उसके रूट का पता लगाया और पूछताछ के बाद आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस जांच में अब तक

चार आरोपी गिरफ्तार | दो चाकू बरामद | कपड़े जब्त | 50+ CCTV फुटेज की जांच | फोरेंसिक साक्ष्यों का मिलान जारी

पुलिस अब आरोपियों की भूमिका, घटनाक्रम और अन्य संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *