ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM
कन्हैया नगर में चाकूबाजी, एक अन्य युवक घायल; पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया
16 सितंबर 2026 नई दिल्ली: केशवपुरम थाना क्षेत्र के कन्हैया नगर में मंगलवार को माचिस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद हुई चाकूबाजी में 30 वर्षीय युवक भवानी की मौत हो गई, जबकि 32 वर्षीय आशा राम घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को कन्हैया नगर इलाके में माचिस को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में भवानी और आशा राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। भवानी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं आशा राम का इलाज कराया गया और उनकी हालत में सुधार बताया गया है।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात की पूरी कड़ी और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह माचिस को लेकर कहासुनी सामने आई है। हालांकि घटना के पीछे की पूरी वजह और चाकू से हमला करने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
