मायावती ने की राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक, 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन

उत्तर प्रदेश राजनीति

ब्यूरो रिपोर्ट नई दिल्ली|DTM

लखनऊ, 3 सितंबर 2026: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में देशभर के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की बैठक की। बैठक में विभिन्न राज्यों के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्य सेक्टर प्रभारी शामिल हुए।

बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर रहा। मायावती ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर चर्चा की। राज्यों से प्राप्त संगठनात्मक रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए उन्होंने पदाधिकारियों को आगे की रणनीति के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।

यह बैठक 31 अगस्त को लखनऊ में हुई उत्तर प्रदेश के 75 जिलाध्यक्षों की समीक्षा बैठक के बाद आयोजित की गई। उस बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, बूथ कमेटियों की सक्रियता और संभावित प्रत्याशियों के चयन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। गुरुवार की बैठक में इन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में आनंद कुमार और ईशान आनंद भी मौजूद रहे। पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। मायावती ने कार्यकर्ताओं से संगठन को लगातार सक्रिय रखने और चुनाव के लिए ईमानदार एवं मजबूत उम्मीदवारों के चयन पर जोर दिया।

बसपा की आगामी गतिविधियों में 9 अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में प्रस्तावित कार्यक्रम और 15 जनवरी 2027 को जनकल्याणकारी दिवस की तैयारियां भी शामिल हैं। बैठक के दौरान इन कार्यक्रमों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

What do you feel about this post?

100%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *