गाजियाबाद करोड़ों की संपत्ति और शराब के विवाद में बेटे ने पिता की गोली मारकर की हत्या, आरोपी फरार

उत्तर प्रदेश क्राइम

16 जुलाई 2026 गाजियाबाद। मोदीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बुदाना में देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि करोड़ों रुपये की संपत्ति, पारिवारिक विवाद और शराब को लेकर हुए झगड़े के बाद बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हरिओम नेहरा (55) के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उनके 32 वर्षीय बेटे निखिल नेहरा पर है। बताया जा रहा है कि देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि निखिल ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल हरिओम नेहरा मौके पर ही गिर पड़े।

परिजन उन्हें तत्काल मोदीनगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद, संपत्ति और शराब से जुड़े विवाद सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *