12 जुलाई 2026 ग्रेटर नोएडा| ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 में रहने वाले लोग इन दिनों कूड़े के ढेर, अतिक्रमण और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या से परेशान हैं। क्षेत्र की विभिन्न आवासीय सोसायटियों के पदाधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 12 जुलाई 2026 को जेवर विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकार सहकारी आवास समिति “अम्बे भारती” के नेतृत्व में सेक्टर की 12 आवासीय सोसायटियों के अध्यक्षों ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण के कुछ कर्मचारियों द्वारा सूखा कूड़ा उठाने के नाम पर सोसायटियों से कथित तौर पर अवैध वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि गीले कूड़े के निस्तारण के लिए प्रत्येक सोसायटी पहले से ही लगभग ₹15,000 प्रति माह ठेकेदार को भुगतान कर रही है। इसके बावजूद अतिरिक्त राशि की मांग की जा रही है। आरोप है कि भुगतान न करने पर कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जाता, जिससे सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लग जाते हैं और गंदगी व दुर्गंध के कारण डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि सेक्टर के स्थानीय बाजार क्षेत्र में कुछ दुकानदारों और ठेला संचालकों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण किए जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण रात के समय अंधेरा छाया रहता है, जिससे चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। सोसायटी पदाधिकारियों ने विधायक से मांग की है कि सेक्टर में नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
इस मुद्दे को समाजसेविका बबीता शर्मा ने भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन पर अम्बे भारती, रुद्राक्ष, मीनाक्षी, इनफ्रा कोटि हाइट्स सहित सेक्टर पाई-1 की कई प्रमुख सोसायटियों के अध्यक्षों के हस्ताक्षर हैं।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

