11 जुलाई2026 हरिद्वार | 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए हैं। लाखों शिवभक्तों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन के अनुसार, कांवड़ मेले के दौरान त्रिशूल, तलवार, डंडे, बेसबॉल बैट जैसे हथियारनुमा सामान लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा रेट्रो या मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सके और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 6 फीट तथा झांकियों की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की गई है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला बिजली के तारों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सभी नियमों का पालन करें, प्रशासन के निर्देशों का सम्मान करें और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें। पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें पूरे मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगी, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
