राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बस में लगी आग 8 श्रद्धालुओं की मौत
1 जुलाई 2026 दौसा (राजस्थान): राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से मध्य प्रदेश के इंदौर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में देखते ही देखते आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में कुल 37 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 5 श्रद्धालुओं की बस में जिंदा जलने से मौत होने की ख़बर आ रही है। वहीं कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक और बस की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।
प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने की पुष्टि की है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
